सांसद निशिकांत दुबे को दुमका दिशा कमेटी की भी मिली कमान
देवघर/डेस्क: गोड्डा से सांसद डॉ. निशिकांत दुबे को एक और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है. केंद्र सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय की ओर से जारी आदेश के तहत उन्हें दुमका जिला दिशा कमेटी (डिस्ट्रिक्ट डेवलपमेंट कॉर्डिनेशन एंड मॉनिटरिंग कमेटी) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है.
इस नई जिम्मेदारी के साथ अब डॉ. दुबे देवघर और गोड्डा के अलावा दुमका जिले में भी केंद्र सरकार की योजनाओं की निगरानी, समन्वय और समीक्षा का कार्य देखेंगे. दिशा कमेटी का उद्देश्य विभिन्न केंद्रीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर नजर रखना और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करना है.
कमेटी में दुमका सांसद नलिन सोरेन और राजमहल सांसद विजय हांसदा को सह-अध्यक्ष बनाया गया है. माना जा रहा है कि इस नियुक्ति से क्षेत्र में विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और समन्वय को गति मिलेगी. राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में इस फैसले को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि दुमका संथाल परगना का प्रमुख जिला है और यहां केंद्र प्रायोजित योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग को लेकर लगातार जोर दिया जाता रहा है.