पुणे में भाजपा के मोहोल को जिताने में राकांपा (अप) ने निभायी बड़ी भूमिका: मानकर
पुणे, 10 जून (वार्ता) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा-अजित पवार) ने दावा किया है कि उसने महाराष्ट्र के पुणे लोकसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार मुरलीधर मोहोल की चुनाव में जीत हासिल करने में बहुत बड़ी भूमिका निभायी है।
पुणे राकांपा प्रमुख दीपक मानकर ने सोमवार को यहां श्री मोहोल को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मंत्री परिषद में शामिल किये जाने का श्रेय लेते हुए कहा कि राकांपा-अप के कार्यकर्ताओं ने उनकी जीत भी बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है। उन्होंने कहा, “श्री मोहोल को मोदी सरकार में जगह मिल गयी है।”
श्री मानकर ने शहर के गुप्ते मंगल हॉल में सोमवार को पार्टी का 25वां स्थापना दिवस मनाने के बाद पत्रकारों से बातचीत में यह बात कही।
श्री मानकर ने श्री मोहोल के मोदी मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने पर प्रसन्नता जताते हुए कहा, ''हमारी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने श्री मोहोल को निर्वाचित कराने के लिए चौबीसों घंटे काम किया है, इसलिए उन्हें मोदी सरकार में जगह मिली।''
उन्होंने भाजपा नेता देवेंद्र फड़नवीस को धन्यवाद दिया, जिन्होंने श्री मोहोल की कड़ी मेहनत को समझा और उन्हें मंत्रालय दिलाने की सिफारिश की। उन्होंने अजीत पवार के नेतृत्व में सरकारी संगठन समिति में अपनी पार्टी के सदस्य का पद मांगा।
श्री मानकर ने कहा कि जल्द ही सांसद सुनील तटकरे पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ पार्टी को और मजबूत करने के लिए पूरे महाराष्ट्र का दौरा शुरू करेंगे।
राकांपा के पुणे कार्यकारी अध्यक्ष प्रदीप देशमुख ने कहा कि पार्टी ग्रामीण क्षेत्रों में विकास पर अधिक ध्यान केंद्रित करेगी जहां लोग अब भी उचित बुनियादी ढांचे और अन्य संसाधनों की कमी जैसी समस्याओं का सामना कर रहे हैं।
श्री देशमुख ने कहा, ''हम हर घर में जाकर राज्य के लोगों के लिए कड़ी मेहनत करते हैं और उनकी शिकायतों या समस्याओं को सुनते हैं। बारामती के लोगों के लिए भी हमारा काम जारी है, जहां से राकांपा उम्मीदवार सुनेत्रा पवार लोकसभा चुनाव हार गईं।''
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को अधिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। श्री देशमुख ने कहा, ''हम शौचालय बनाने और बाहरी इलाके में समग्र विकास करने की कोशिश करेंगे।''
समीक्षा, यामिनी
वार्ता